कैंट स्टेशन जाते समय नहीं खाने पड़ेंगे हिचकोले, नगर निगम ने शुरू की रोड की मरहम पट्टी

Press Release उत्तर प्रदेश

——श्रीराम चौक से अटल चौक तक सड़क दुरुस्तीकरण शुरू

आगरा। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले मार्ग पर अब आमजन को सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों से जूझना नहीं पड़ेगा। नागरिकों की लगातार शिकायतों और परेशानी को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम प्रशासन द्वारा श्रीराम चौक से अटल चौक तक सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया गया है।
इस व्यस्त मार्ग पर लंबे समय से सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों, यात्रियों और स्थानीय लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। खासकर बरसात के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती थी। अब नगर निगम द्वारा रोड रिपेयरिंग मशीन के माध्यम से गड्ढों को भरा जा रहा है और सड़क को समतल किया जा रहा है, जिससे आवागमन सुचारु हो सके।

नगर निगम के अधिशासी अभियंता दीपांकर सिंह ने बताया कि चूंकि यह मार्ग अत्यंत व्यस्त है और दिन में यहां यातायात का दबाव अधिक रहता है, इसलिए यात्रियों को जाम या असुविधा न हो, इसके लिए सड़क मरम्मत का कार्य रात के समय कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कार्य तेजी से चल रहा है और जल्द ही सड़क पूरी तरह दुरुस्त कर दी जाएगी।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि कैंट स्टेशन जाने वाले इस मार्ग के ठीक होने से न केवल यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा।

—नगर आयुक्त का वर्जन:

नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा है कि शहर के प्रमुख और व्यस्त मार्गों को दुरुस्त करना नगर निगम की प्राथमिकता है। नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कैंट स्टेशन जाने वाली सड़क पर मरम्मत का कार्य रात में कराया जा रहा है। प्रयास है कि कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा हो, ताकि आमजन को सुरक्षित और सुगम यातायात सुविधा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *