आगरा। स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यमुना आरती स्थल पर प्लॉग रन गतिविधि का आयोजन किया गया। इस अभियान में सेंट एंड्रयूज़ स्कूल के छात्र-छात्राओं ने नगर निगम की टीम के साथ मिलकर सक्रिय सहभागिता की और स्वच्छ यमुना, स्वच्छ शहर का संदेश दिया।
प्लॉग रन के दौरान छात्रों ने दौड़ते हुए यमुना आरती स्थल और उसके आसपास फैले प्लास्टिक, कागज, कपड़े, प्लास्टिक बोतल और अन्य कचरे को एकत्र किया। बच्चों के उत्साह और अनुशासन ने उपस्थित लोगों को भी स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया। नगर निगम की टीम ने एकत्र कचरे का पृथक-पृथक निस्तारण कर स्वच्छता के महत्व को व्यवहारिक रूप से समझाया।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि प्लॉग रन जैसी गतिविधियां स्वच्छ सर्वेक्षण के अंतर्गत नागरिकों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित होती है। इस दौरान सेंट एंड्रयूज़ स्कूल के शिक्षकों ने कहा कि छात्रों को किताबों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। यमुना जैसी पवित्र नदी को स्वच्छ बनाए रखना हम सभी का दायित्व है और इस तरह की गतिविधियां बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनाने में सहायक होती हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने यमुना को स्वच्छ रखने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया। स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए नगर निगम और विद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।
