कृष्णा पुरी कॉलोनी को मिलेगी जलभराव से राहत, 27 लाख की लागत से बनेगी सड़क

Press Release उत्तर प्रदेश

वार्ड 77 चमरौली के लोगों के लिए खुशखबरी, नगर निगम ने दी सड़क निर्माण को हरी झंडी

आगरा। वार्ड 77 चमरौली स्थित कृष्णा पुरी कॉलोनी के निवासियों और यहां से होकर गुजरने वाले सैकड़ों राहगीरों को जल्द ही जलभराव और ऊबड़-खाबड़ रास्तों की समस्या से राहत मिलने जा रही है। नगर निगम द्वारा करीब 27 लाख रुपये की लागत से तीन टुकड़ों में पक्की सड़क का निर्माण कराया जाएगा। सड़क निर्माण का कार्य शुरू भी हो चुका है।
कृष्णा पुरी कॉलोनी की यह सड़क लंबे समय से ऊबड़-खाबड़ स्थिति में थी। नालियों और पक्की सड़क का अभाव होने के कारण घरों का पानी सड़क पर बहने से यहां जलभराव और कीचड़ की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती थी, जिससे पैदल चलने वालों, दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।

क्षेत्रीय पार्षद दीपक वर्मा ने स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त के समक्ष सड़क निर्माण का प्रस्ताव रखा था। प्रस्ताव में जलनिकासी की समस्या और आवागमन में हो रही दिक्कतों से अवगत कराया गया, जिस पर नगर आयुक्त ने त्वरित संज्ञान लेते हुए सड़क निर्माण को हरी झंडी प्रदान कर दी।

इस संबंध में जानकारी देते हुए अवर अभियंता कृष्ण गोपाल ने बताया कि क्षेत्र में नालियों और पक्की सड़क के अभाव के चलते नागरिकों को लंबे समय से कीचड़ और जलभराव की समस्या झेलनी पड़ रही थी। प्रस्तावित सड़क निर्माण के बाद न केवल कृष्णा पुरी कॉलोनी बल्कि यहां से होकर गुजरने वाले कावेरी विहार क्षेत्र के सैकड़ों लोगों को भी सुविधा मिलेगी। सड़क बनने से आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र की स्वच्छता व सुरक्षा में भी सुधार आएगा।

—— नगर आयुक्त का वर्जन:

नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल का कहना है कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। कृष्णा पुरी कॉलोनी में सड़क निर्माण से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होगा और स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता और समय-सीमा के भीतर पूरे कराए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *