सार्वजनिक स्थल पर कचरा फेंकना पड़ा महंगा, जेपी होटल पर जुर्माना

Press Release उत्तर प्रदेश

 स्वच्छता नियमों की अनदेखी पर कार्रवाई, फतेहाबाद रोड स्थित होटल पर निगम की सख्ती

आगरा। शहर को स्वच्छ और साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को नगर निगम की टीम ने सार्वजनिक स्थल पर कचरा फेंकने के मामले में फतेहाबाद रोड स्थित जेपी होटल पर दस हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।

नगर निगम को शिकायत मिल रही थी कि संबंधित होटल द्वारा स्वयं कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था करने के बजाय पर्यटन थाने के पास खुले में कचरा फेंका जा रहा है। शिकायत के आधार पर नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने मौके पर निरीक्षण किया, जहां कचरे के ढेर में होटल से संबंधित रैपर, पैकेजिंग सामग्री एवं अन्य कचरा पाया गया। मौके पर मिले साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि कचरा जेपी होटल से ही फेंका जा रहा था। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि होटल एक बल्क वेस्ट जनरेटर की श्रेणी में आता है, ऐसे में होटल प्रबंधन की जिम्मेदारी है कि वह अधिकृत एजेंसी के माध्यम से कचरे का निस्तारण कराए। नियमों की अनदेखी और सार्वजनिक स्थल को गंदा करने के आरोप में होटल प्रबंधन के खिलाफ दस हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
कार्रवाई के दौरान जोनल अधिकारी ताजगंज गजेंद्र सिंह, जेडएसओ ताजगंज महेंद्र सिंह, एसएफआई योगेंद्र कुशवाहा एवं नीरेन्द्र सिंह मौके पर मौजूद रहे। नगर निगम अधिकारियों ने होटल प्रबंधन को भविष्य में नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी भी दी।

–नगर आयुक्त का वर्जन:—-

नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा है कि “शहर की स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। बल्क वेस्ट जनरेटर को अनिवार्य रूप से अधिकृत व्यवस्था के माध्यम से कचरे का निस्तारण करना होगा। सार्वजनिक स्थलों पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *