अवैध होर्डिंग पर नगर निगम का सख्त रुख, अब अधिकारियों की भी तय होगी जवाबदेही

Press Release उत्तर प्रदेश

 राजस्व निरीक्षकों पर गिरेगी गाज, अवैध होर्डिंग मिलने पर वेतन रोकने की कार्रवाई

आगरा। शहर को अवैध होर्डिंग से मुक्त कराने के लिए नगर निगम प्रशासन ने अब सख्त और निर्णायक कदम उठाए हैं। अवैध होर्डिंग लगाने वालों के साथ-साथ अब नगर निगम के कर्मचारियों और अधिकारियों को भी इसके लिए जिम्मेदार ठहराया जाएगा। जिस राजस्व निरीक्षक के क्षेत्र में अवैध होर्डिंग पाए जाएंगे, उसके खिलाफ वेतन रोकने जैसी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह जानकारी देते हुए सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि अब शहर में लगने वाले सभी अवैध होर्डिंग के लिए संबंधित क्षेत्र के राजस्व निरीक्षक सीधे तौर पर जिम्मेदार होंगे। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने बताया कि इसी क्रम में बुधवार को नगर निगम की टीम द्वारा शहर में अवैध होर्डिंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यमुना किनारा, सिकंदरा, बोधला, फतेहाबाद रोड और एमजी रोड समेत प्रमुख इलाकों से दर्जनों अवैध होर्डिंग हटवाए गए। कई स्थानों पर बिना अनुमति और नियमों के विपरीत लगाए गए होर्डिंग्स को मौके पर ही हटाया गया।

सहायक नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि यह अभियान एक दिन का नहीं बल्कि निरंतर चलने वाली कार्रवाई है। शहर की सुंदरता, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अवैध होर्डिंग पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। आगे भी नियमित रूप से अभियान चलाकर अवैध होर्डिंग हटाए जाएंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

—नगर आयुक्त का वर्जन—–

नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा है कि “शहर में अवैध होर्डिंग न केवल नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि यातायात और जनसुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा करते हैं। अब इस मामले में जवाबदेही तय की जा रही है। जिस क्षेत्र में अवैध होर्डिंग मिलेंगे, वहां के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। नगर निगम शहर को व्यवस्थित और सुंदर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *