नगर आयुक्त ने फतेहाबाद वीआईपी रोड की व्यवस्थाओं को परखा, ताजमहल के पूर्वी गेट पर खराब फाउंटेन मरम्मत तक दिए निर्देश
आगरा। फतेहाबाद वीआईपी रोड पर शनिवार को नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के आदेश दिए।
रानी लक्ष्मीबाई चौराहे की अव्यवस्थित ट्रैफिक व्यवस्था को देखते हुए नगर आयुक्त ने अधिशासी अभियंता को यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाने हेतु क्रैश बैरियर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस चौराहे पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए सुरक्षा मानकों का पालन आवश्यक है।
होटल ताज व्यू और जगजीवन राम चौक के आसपास सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों को तत्काल भरवाने के लिए उन्होंने जल निगम अधिकारियों को निर्देशित किया। आयुक्त ने कहा कि वीआईपी मार्ग होने के बावजूद सड़क की खराब हालत पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परेशानी देती है, इसलिए मरम्मत कार्य में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ताजमहल के पूर्वी द्वार पर स्थापित फाउंटेन के लंबे समय से खराब पड़े होने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने मुख्य अभियंता (विद्युत एवं यांत्रिक) अजय कुमार राम को फव्वारे की मरम्मत कर पुनः चालू कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई के आदेश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, उप नगर आयुक्त डॉ. सरिता सिंह, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, अधिशासी अभियंता दीपांकर सिंह, सहायक अभियंता जीवेक, तथा ज़ोन ताजगंज के जेडएसओ महेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।
नगर आयुक्त ने कहा कि शहर के प्रमुख पर्यटन मार्गों पर बेहतर यातायात, सुगम सड़कें और आकर्षक दृश्य व्यवस्था सुनिश्चित करना नगर निगम की प्राथमिकता में शामिल है।


