
नगर निगम ने मुनादी कर दुकानदारों को दी चेतावनी, सड़क पर पड़े सामान को जब्त करेगा नगर निगम
आगरा। ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में दुकानदारों द्वारा सड़क पर खराब वाहनों की बॉडी, कबाड़ और अन्य सामान फैलाकर रखने से उत्पन्न हो रही जाम की समस्या को नगर निगम ने गंभीरता से लिया है। लंबे समय से इस क्षेत्र में अतिक्रमण के कारण गुजरने वाले वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसके संबंध में निगम प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
नगर निगम द्वारा कई बार नोटिस देने और जुर्माना लगाने के बावजूद कई दुकानदार अपने तरीके नहीं बदल रहे हैं। खराब वाहन पुर्जे और कबाड़ सड़क पर फैलाकर रखने से यहां दिनभर आवागमन प्रभावित रहता है। स्थिति को देखते हुए नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने अधिनस्थ अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
निर्देशों के क्रम में आज नगर निगम प्रवर्तन दल ने क्षेत्र में मुनादी कराते हुए दुकानदारों को चेतावनी दी। टीम ने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में किसी दुकान के बाहर सड़क पर कबाड़ या खराब वाहन सामग्री रखी पाई गई तो निगम द्वारा उसे तत्काल जब्त कर लिया जाएगा। प्रवर्तन दल की कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति रही और कई दुकानदारों ने तुरंत ही सामान को दुकान के भीतर समेटना शुरू कर दिया। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि सड़कें जनता की हैं और किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए अभियान आगामी दिनों में और तेज किया जाएगा।
—नगर आयुक्त का वर्जन
“ट्रांसपोर्ट नगर में बार-बार चेतावनी देने के बावजूद सड़क पर कबाड़ और वाहन पुर्जे फैलाकर रखने की शिकायतें मिल रही थीं। यह आमजन के लिए असुविधा का कारण बन रहा है। आज प्रवर्तन दल को मुनादी और सख्त चेतावनी के निर्देश दिए हैं। आगे से सड़क पर रखा किसी भी प्रकार का सामान सीधे जब्त किया जाएगा।”
