
वेदांत मंदिर से लड्डू गोपाल प्रतिमा तक पहले चरण का कार्य शुरू, प्रथम चरण में नगर निगम लगभग साढ़े नौ लाख रुपये कर रहा व्यय
आगरा। यमुना किनारे सैर–सपाटा को नया रूप देने के लिए नगर निगम ने वेदांत मंदिर से लड्डू गोपाल की प्रतिमा तक आधुनिक पाथ वे निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है। लगभग साढ़े नौ लाख रुपये की लागत से बनाए जा रहे इस पैदल मार्ग को डेढ़ मीटर चौड़ा रखा गया है, जिसमें आकर्षक इंटरलाकिंग टाइल्स का उपयोग किया जा रहा है। यमुना तट पर सुबह–शाम टहलने वाले लोगों के लिए यह पाथ वे नया आकर्षण बनेगा।
नगर निगम की योजना के अनुसार, काली माता मंदिर से होते हुए हाथी घाट तक इस पार वे का विस्तार किया जाना प्रस्तावित है। लेकिन पहले चरण में वेदांत मंदिर से यमुना आरती स्थल होते हुए इसे लड्डू गोपाल की प्रतिमा तक बनाया जा रहा है। अधिशासी अभियंता अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि जैसे–जैसे भूमि उपलब्ध होती जाएगी, पाथ वे को आगे बढ़ाया जाएगा। निर्माण पूरा होने पर शहरवासी इस पाथ वे पर चहलकदमी करते हुए यमुना की स्वच्छ हवा के साथ ताजमहल, एत्माद्दौला और मेहताब बाग का सुंदर नजारा दूर से देख सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल यमुना तट को बेहतर बनाएगी, बल्कि लोगों को एक सुरक्षित और आकर्षक वॉकिंग ट्रैक भी उपलब्ध कराएगी।
—– नगर आयुक्त का वर्जन
“यमुना किनारे पाथ वे का निर्माण शहर की सौंदर्य वृद्धि और नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हमारा प्रयास है कि लोग स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित वातावरण में सैर का आनंद ले सकें। उपलब्ध भूमि के अनुसार परियोजना को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।”
