राम बाग फ्लाईओवर बना ‘क्रिएटिव क्लासरूम’, 150 से ज्यादा बच्चों ने पोस्टर, पेंटिंग और खेलों में दिखाया हुनर

Press Release उत्तर प्रदेश

नगर निगम द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने रचनात्मकता को दिए नये आयाम

आगरा। बच्चों के दिन यानी चिल्ड्रन डे को इस बार आगरा नगर निगम ने एक बिल्कुल नए और नवाचारी अंदाज़ में मनाया। शहर के व्यस्त रामबाग फ्लाईओवर के नीचे स्थित खाली स्थान को रंग-बिरंगी गतिविधियों से सजाकर एक क्रिएटिव जोन में बदल दिया गया, जहाँ बच्चों की प्रतिभा और उत्साह ने नए आयाम स्थापित किए।

आगरा नगर निगम के इस अनूठे आयोजन में विभिन्न स्कूलों के 150 से अधिक विद्यार्थियों एवं स्लम एरिया के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने फ्लोर पेंटिंग, पोस्टर मेकिंग, बास्केटबॉल मैच समेत कई रोचक और मनोरंजक गतिविधियों में अपनी रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन स्थल को बच्चों की रंगीन कल्पनाओं ने जीवंत बना दिया। इस दौरान बच्चों को मूवी भी दिखाई गई।

नगर निगम की इस पहल से न केवल बच्चों को खुलकर अपनी कला अभिव्यक्त करने का मंच मिला बल्कि शहरी स्थानों के रचनात्मक उपयोग का भी उत्कृष्ट उदाहरण देखने को मिला। बच्चों के चेहरे पर दिखी मुस्कान और उनकी ऊर्जा ने कार्यक्रम को बेहद खास बना दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, कला प्रेम और टीम स्पिरिट को बढ़ावा देते हैं। साथ ही शहर के आम नागरिकों के लिए भी यह एक प्रेरक संदेश है कि शहरी स्थानों का उपयोग कितने सकारात्मक और रचनात्मक तरीकों से किया जा सकता है। इस अवसर पर उप नगर आयुक्त डॉ सीता सिंह, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम के अलावा नगर निगम के सभी एस एफआई एवं कई पार्षद भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *