
अभियान चला कर काम को दिया जा रहा अंजाम
25 टीमें जुटीं अभियान में, प्रमुख चौराहों पर तिरंगा और स्ट्रिप लाइट से बढ़ेगी रौनक
आगरा। दिवाली से पूर्व शहर को रोशनी से नहलाने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन ने विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने और नई लाइटें लगाने का बड़ा अभियान शुरू किया है। नगर निगम पूरे शहर में 2000 नई लाइटें और 1000 पोल मय लाइट स्थापित कर रहा है। इस कार्य को तय समय में पूरा करने के लिए 25 टीमें बनाई गई हैं जो अलग-अलग जोन में लगातार काम कर रही हैं।
मुख्य अभियंता (विद्युत एवं यांत्रिक) अजय कुमार राम ने बताया कि अभी तक शहर के आधे से अधिक वार्डों में कार्य पूरा किया जा चुका है। सभी टीमों को निर्धारित लक्ष्य दिया गया है ताकि दीपावली से पूर्व संपूर्ण शहर जगमगा उठे। इसके अलावा शहर को आकर्षक बनाने के लिए प्रमुख तिराहों, चौराहों और वीआईपी रोडों को भी विशेष रूप से सजाया जा रहा है। फतेहाबाद रोड पर बोलॉर्ड, विक्टोरिया और तिरंगा लाइट लगाने का अभियान चलाया जा रहा है। वहीं, मुख्य चौराहों पर स्ट्रिप लाइट और तिरंगा लाइट से रोशनी का विशेष वातावरण तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नगर निगम सदन की पिछली बैठक में पार्षदों के प्रस्ताव के तहत निर्णय लिया गया था कि दीपावली से पहले सभी वार्डों में विद्युत व्यवस्था को सुधारा जाए। इसी प्रस्ताव के अनुसार प्रत्येक वार्ड में 20 लाइट और 10 पोल मय लाइट लगाने को हरी झंडी दी गई थी। अब नगर निगम ने इसे प्राथमिकता देते हुए तेजी से कार्य शुरू कर दिया है। सभी वार्डों में टीमों को नियमित मॉनिटरिंग के साथ कार्य सौंपा गया है ताकि किसी भी क्षेत्र में अंधेरा न रहे और नागरिकों को त्योहार पर सुचारू विद्युत व्यवस्था मिल सके।
—–
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल का कहना है कि हमारा उद्देश्य है कि दीपावली से पहले पूरा शहर रोशनी से नहा उठे। जहां भी लाइट या पोल की आवश्यकता है, वहां त्वरित रूप से कार्य कराया जा रहा है।
