
आगरा। यमुना का जलस्तर घटने के साथ ही नगर निगम प्रशासन ने तटीय इलाकों में संक्रामक रोगों पर नियंत्रण की दिशा में व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। कैलाश मंदिर के आसपास, दयालबाग क्षेत्र, बल्केश्वर, बेलनगंज तथा यमुना पार की कॉलोनियों में एहतियातन एंटी लारवा और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जा रहा है। साथ ही शाम के समय नियमित फागिंग भी शुरू हो गई है।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि इस अभियान की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी क्षेत्रवार सुपरवाइजरों को दी गई है। अभियान में आठ वाहन एंटी लारवा छिड़काव के लिए तथा चौदह वाहन फागिंग के लिए लगाए गए हैं। इसके अलावा संकरी गलियों में बीस कर्मचारियों को तैनात कर हैंड स्प्रे कराया जा रहा है। करीब एक दर्जन पोर्टेबल मशीनों को भी टीम में शामिल किया गया है, ताकि किसी क्षेत्र की उपेक्षा न हो।
वर्जन —–
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि निगम का मुख्य उद्देश्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को संक्रामक रोगों से सुरक्षित करना है।उन्होंने कहा, कि “हमारा पूरा फोकस है कि किसी भी इलाके में बीमारी फैलने की स्थिति न बने। टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और आवश्यक संसाधनों को उपलब्ध कराया गया है। जब तक यमुना का जलस्तर पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाता, तब तक यह अभियान लगातार चलता रहेगा।”
