बाढ़ राहत केंद्र में प्रभावित परिवार की महिलाओं व बच्चों से जाना हाल-चाल, रहने व खाने-पीने की उचित व्यवस्था करने के निर्देश

Press Release उत्तर प्रदेश

मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने यमुना नदी में आई बाढ़ तथा बाढ़ राहत केंद्रों का किया निरीक्षण

तहसील किरावली के ग्राम नगला सोमनाथ में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा, जलमग्न हो चुकी फसलों के नुकसान के आंकलन हेतु संबंधित अधिकारियों को रिपोर्ट तैयार करने के दिए निर्देश

आगरा. 9 सितंबर 2025. आज मंगलवार को मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने यमुना नदी में आई बाढ़, तथा बाढ़ राहत केंद्रों का निरीक्षण किया। सर्वप्रथम आयुक्त महोदय बल्केश्वर स्थित आईटीआई कॉलेज पहुंचे जहां बाढ़ राहत केंद्र बनाया गया है। यहां पर बल्केश्वर के सरस्वती नगर के आगे रजवाड़ा क्षेत्र में बसे उन प्रभावित परिवारों को शरण दी गई है जिनके घरों में यमुना नदी का पानी पहुंचने से आम जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया। विगत तीन दिनों से वे सभी लोग राहत केंद्र पर ही जीवन यापन कर रहे हैं। मौके पर क्षेत्रीय विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, पार्षदगण और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे जो राहत केंद्र की व्यवस्था में सहयोग कर रहे हैं। मण्डल आयुक्त महोदय ने प्रभावित परिवार के महिलाओं व बच्चों से बातचीत कर हालचाल लिया और जाना कि उन्हें ठीक प्रकार से भोजन पानी मिल रहा है या नहीं। अवगत कराया गया कि इस राहत केंद्र पर लगभग 150 लोग रह रहे हैं जिनके लिए समुचित रहने और खाने-पीने की व्यवस्था की गई है। आयुक्त महोदय ने बलकेश्वर घाट से कॉलोनी की तरफ बढ़ रहे यमुना नदी के पानी के स्तर के बारे में संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली और निर्देश दिए कि और भी क्षेत्र प्रभावित होते हैं तो उन क्षेत्रों के प्रभावित परिवारों के लिए भी उचित व्यवस्था के प्रबंध किए जाएं।

 

इसके बाद मण्डल आयुक्त महोदय ने कैलाश गांव, मंदिर परिसर व यमुना घाट का भी निरीक्षण किया। निर्देश दिए कि किसी भी आम जन को घाट की तरफ नहीं जाने दिया जाए और जिन गलियों में पानी भरा है वहां लोगों को बाहर निकलने से रोका जाए। इसके अलावा प्राथमिक विद्यालय में बनाए गए बाढ़ राहत केंद्र का भी निरीक्षण किया गया संबंधित अधिकारियों को आपातकालीन स्थिति में सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उसके बाद आयुक्त तहसील किरावली के ग्राम पंचायत सामरा पहुंचे जहां उन्होंने क्षेत्रीय विधायक चौधरी बाबूलाल के साथ ट्रैक्टर में बैठकर बाढ़ प्रभावित ग्राम नगला सोमनाथ का निरीक्षण किया। यहां यमुना नदी में आई बाढ़ के कारण किसानों की फसलें व खेत जलमग्न हो चुके हैं। प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने के बाद संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि एक टीम गठित कर किसानों की फसलों के नुकसान का आंकलन कर उचित मुआवजा दिलाए जाने हेतु रिपोर्ट तैयार की जाए। क्षेत्रीय लोगों की मांग पर बारिश और जलभराव के कारण क्षतिग्रस्त हो चुकी सड़कों का जीर्णोद्धार कराने एवं भरतपुर की ओर से आने वाले पानी को रोकने हेतु बंदी की कार्यवाही किए जाने का आश्वासन दिया।

इस मौके पर एडीएम वित्त व राजस्व श्रीमती शुभांगी शुक्ला, एसडीएम किरावली सुश्री नीलम तिवारी, नायब तहसीलदार अनिल चौधरी व तहसील सदर एवं किरावली की राजस्व टीम मौजूद थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *