आगरा। अर्जुन नगर स्थित नगर लक्ष्मण नगर कॉलोनी में सोमवार को नगर निगम की टीम ने भारी विरोध के बीच अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई की। लंबे समय से रुके पड़े नाला निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने के लिए निगम ने लोहे की टीन लगाकर खड़े किये गये अवरोधों को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया। इस दौरान मौके पर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताते हुए विरोध भी किया लेकिन निगम टीम के सामने उनकी एक न चली ।
कॉलोनी में होने वाले जलभराव की समस्या को निस्तारित कराने के लिए नगर निगम यहां पर क्या रहा है। नाला निर्माण का कार्य अतिक्रमण की वजह से कई माह से बाधित था। क्षेत्रीय अवर अभियंता मुकेश कुमार ने इस मामले की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी थी। आदेश मिलते ही सोमवार को निगम का ध्वस्तीकरण दस्ता मौके पर पहुंचा और अवरोधों को हटाकर नाला निर्माण शुरू करा दिया। स्थानीय निवासी शैलू नोहवार ने पूर्व में बनी नाली को अपने प्लाट के अंदर कर लिया था और बाहर से लोहे की टीन लगाकर अतिक्रमण कर लिया था। उसका कहना था कि नाला उसके प्लाट की जमीन से निकाला जा रहा है। लेकिन जब निगम अधिकारियों ने भूमि से संबंधित कागजात मांगे तो वह कोई प्रमाण नहीं दिखा पाया।
निगम अधिकारियों का कहना है कि नाला निर्माण क्षेत्र के जलभराव की समस्या दूर करने के लिए आवश्यक है और किसी भी व्यक्ति को सार्वजनिक कार्यों में बाधा डालने की अनुमति नहीं दी जाएगी। कार्रवाई के बाद मौके पर नाला निर्माण का काम पुनः प्रारंभ करा दिया गया है।


