आगरा, 4 अगस्त। अंतरराष्ट्रीय आलू केंद्र (CIP) के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र (CSARC) की स्थापना में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा निरन्तर सहयोग प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री उ०प्र० योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद ज्ञापित करने हेतु डा० सिमोन हेक, महानिदेशक, सी.आई.पी., पेरू 05 अगस्त को लखनऊ पहुंच रहे हैं।
जनपद आगरा में अन्तर्राष्ट्रीय आलू केन्द्र के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केन्द्र की स्थापना के सम्बन्ध में संक्षिप्त विवरण
विश्व में आलू उत्पादन में भारत का द्वितीय स्थान है। उत्तर प्रदेश देश का सर्वाधिक आलू उत्पादक राज्य है। देश के कुल आलू उत्पादन का 35 प्रतिशत आलू उ०प्र० में उत्पादित होता है। प्रदेश में वर्ष 2024-25 के आकड़ों के अनुसार 6.96 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में लगभग 244 लाख मीट्रिक टन आलू का उत्पादन हुआ। प्रदेश के कुल आलू उत्पादन का लगभग 40 प्रतिशत प्रदेश से बाहर अन्य प्रदेशों में विपणन किया जाता है। आगरा, अलीगढ़ एवं कानपुर मण्डल प्रमुख आलू उत्पादक क्षेत्र है। प्रदेश के आगरा जनपद में सर्वाधिक 76 हजार हेक्टेयर में आलू की खेती की जाती है। प्रदेश में व्यापक आलू उत्पादन क्षेत्रफल होने के दृष्टिगत भारी मात्रा में आलू के बीज की आवश्यकता होती है।
भारत में केन्द्रीय आलू अनुसंधान संस्थान, शिमला, हिमाचल प्रदेश एक मात्र संस्था है, जो आलू से सम्बन्धित अनुसंधान कर विभित्र आलू की प्रजातियों को विकसित कर गुणवत्तायुक्त आलू बीज उपलब्ध कराने का कार्य करता है। इसके द्वारा प्रदेश की आवश्यकता के अनुरूप आलू ब्रीडर सीड की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। प्रदेश में अभी भी प्रसंस्करण/निर्यात योग्य आलू प्रजातियों के बीज का अत्यन्त अभाव है। वर्तमान में गुणवत्तायुक्त आलू प्रजातियों के बीज की मांग को दृष्टिगत रखते हुए अन्तर्राष्ट्रीय आलू केन्द्र (सी.आई.पी.), पेरू, साउथ अमेरिका की शोथ शाखा की स्थापना अत्यन्त प्रासंगिक है।
अन्तर्राष्ट्रीय आलू केन्द्र की शाखा की स्थापना से प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण के लिए उपयुक्त आलू किस्मों के जर्म प्लाज्म सहजतापूर्वक उपलब्ध हो सकेंगे, जिससे क्षेत्रीय उपयुक्तता के आधार पर नवीन प्रजातियों को विकसित करने में सहायता मिलेगी, इसके अतिरिक्त आलू केन्द्र की स्थापना से विविधतापूर्वक आलू प्रजातियों का उत्पादन सम्भव हो सकेगा। उल्लेखनीय है कि यह केन्द्र एपीकल रूटेड कटिंग द्वारा आलू बीज उत्पादन का कार्य कई देशों में सफलतापूर्वक करा रहा है और इसका लाभ प्रदेश के आलू उत्पादकों को प्राप्त होगा।
विगत 02 मई, 2023 को अन्तर्राष्ट्रीय आलू केन्द्र (CIP) पेरू, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद एवं उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, उ०प्र० के संयुक्त दल द्वारा राजकीय आलू प्रक्षेत्र, सींगना, आगरा का भ्रमण एव सी.आई.पी. केन्द्र की स्थापना हेतु 10 हेक्टेयर भूमि का चिन्हीकरण किया गया।
दिनांक 18 जनवरी, 2024 को उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, उ०प्र० द्वारा, चिन्हित 10 हेक्टेयर भूमि को 99 वर्ष के लिए राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड को लीज (पट्टा) पर निःशुल्क दिये जाने की कायवाही पूर्ण की गयी। मुख्यमंत्री, योगी आदित्यनाथ द्वारा अपने पत्र दिनांक 20 जनवरी, 2025 के माध्यम से आगरा में अंतर्राष्ट्रीय आलू केंद्र के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र की शीघ्र स्थापना हेतु कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री, भारत सरकार, नई दिल्ली स पत्राचार किया गया।उद्यान मंत्री, दिनेश प्रताप सिंह द्वारा वन एवं पर्यावरण मंत्री अरूण कुमार सक्सेना के साथ संयुक्त रूप से 02 अप्रैल, 2025 को प्रस्तावित स्थल का भ्रमण कर सम्बन्धित विभागों यथा वन, राजस्व एवं उद्यान के मध्य समन्वयन के माध्यम से स्थानीय स्तर की कठिनाइयों का निराकरण कराकर केन्द्र की स्थापना का मार्ग प्रशस्त किया गया।
माह अप्रैल, 2025 में सींगना, आगरा में केन्द्र की स्थापना को गति प्रदान करने हेतु प्रशासनिक एवं तकनीकी समन्वयन के उद्देश्य से भारत सरकार के कृषि सचिव, देवेश चतुर्वेदी के नेतृत्व में भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों एवं बी०एल० मीणा, अपर मुख्य सचिव, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय आलू केन्द्र , लीमा, पेरू का भ्रमण किया गया। इनका आगरा में स्वागत और भ्रमण कार्यक्रम का नेतृत्व लखनऊ के उपनिदेशक उद्यान कौशल कुमार ने किया। साथ में आगरा मंडल के उपनिदेशक उद्यान धर्मपाल सिंह यादव भी मौजूद रहे।
भारत सरकार के केन्द्रीय मंत्रिमंडल (कैबिनेट) द्वारा उत्तर प्रदेश के सींगना, जनपद आगरा में अंतर्राष्ट्रीय आलू केंद्र के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र की स्थापना हेतु रू0 111.50 करोड़ की मंजूरी प्रदान की गयी। दिनांक 28 जुलाई, 2025 को नई दिल्ली में देवेश चतुर्वेदी, सचिव, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली एवं डा० सिमोन हैक, महानिदेशक, अन्तर्राष्ट्रीय आलू केन्द्र, लीमा, पेरू के मध्य सी.आई.पी. के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय अनुसंधान केन्द्र की स्थापना हेतु मेमोरण्डम ऑफ एग्रीमेन्ट हस्ताक्षरित किया गया।