आगरा, 17 जुलाई। जगनेर रोड पर चालान काटने पर हुए हंगामे और मारपीट के बाद आज से नगर निगम के सभी सफाईकर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गये। गुरुवार को सुबह नगर निगम के सफाई कर्मचारी और सुपरवाइजर आदि ड्यूटी पर आये लेकिन उन्होंने काम नहीं किया। खेरिया मोड़ पर सुबह-सुबह सफाई कर्मियों ने नारेबाजी की। वे नगर निगम कर्मियों पर हमला करने वालों के विरुद्ध कार्यवाही की मांग कर रहे हैं। इस घटना में नगर निगम कर्मियों के अलावा दुकानदार भी घायल हुए हैं। उधर विधायक भगवान सिंह कुशवाह ने कहा है कि उनके चाचा के साथ नगर निगम कर्मियों ने चालान काटने के बाद अभद्रता और मारपीट की। जिसमें उनके काफी चोटें आयी हैं। मामला यहीम नहीं रुका दुकान पर बुल्डोजर चला दिया। विधायक इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से करेंगे। वहीं सफाई कर्मियों के हड़ताल पर जाने का फैसला घटना के बाद ही ले लिया गया था। इसके बाद आज सुबह से ही सफाईकर्मी नुक्कड़ सभा करते नजर आये। इनकानेतृत्व सिकंदर सिंह कर रहे हैं।
ज्ञातव्य है कि जगनेर रोड पर प्लास्टिक के गिलासों में शराब पिलाते हुए गंदगी फैलाने पर जुर्माने की कार्रवाई से आक्रोशित दुकानदारों ने नगर निगम कर्मियों पर हमला बोल दिया। लाठी डंडों और सरिया से बोले गये हमले में एक कर्मचारी का सिर फट गया जबकि दो गंभीर रुप से घायल हो गये। इस मामले में नगर निगम की ओर से थाना शाहगंज में दुकानदार समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
नगर निगम कर्मियों को जानकारी मिली थी कि जगनेर रोड पर स्थित शराब के ठेके के पास स्थित नत्थी मिष्ठान भंडार नाम से संचालित कैंटीन में प्लास्टिक के गिलासों में लोगों को शराब पिलाई जा रही है। इस पर क्षेत्रीय एस एफ आई प्रदीप गौतम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो वहां लोग प्लास्टिक के गिलासों में शराब पीने के साथ ही उन्हें वहीं फेंककर गंदगी कर रहे थे। इस पर एस एफ आई ने प्लास्टिक के गिलासों के उपयोग और गंदगी करने पर दुकानदार का एक हजार रुपये का जुर्माना काट दिया। नगर निगम प्रशासन की इस कार्रवाई का विरोध करते हुए दुकानदार नीरज ने हंगामा करना प्रारंभ कर दिया। कुछ ही समय अन्य दुकानदार भी वहां पहुंचकर हंगामा करने लगे। कुछ लोगों ने पत्थरबाजी भी शुरु कर दी। जब तक नगर निगम कर्मी कुछ समझ पाते तब तक नीरज ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लाठी डंडों और सरिया से नगर निगम की टीम पर हमला बोल दिया। सरिया के वार से सफाई कर्मचारी भोला का सिर फट गया जबकि सेनेटरी सुपरवाइजर मधुसूदन का हाथ टूट गया। एस एफ आई प्रदीप गौतम को पैरों में सरिया मार कर गंभीर रुप से घायल कर दिया गया। नगर निगम कर्मियों ने किसी तरह से मौके से भाग कर अपनी जान बचाई। जाते जाते हमलावर नगर निगम कर्मियों को जान से मारने की धमकी भी गये हैं। इसबात की जानकारी होते ही जेड एस ओ महेन्द्र सिंह, राजीव बालियान और आशुतोष वर्मा के साथ ही एस एफ आई लक्की शर्मा, रचना गुप्ता,संजीव यादव और रामजी भैया आदि भी मौके पर पहुंच गये। पुलिस चौकी सराय ख्वाजा जाकर सारे मामले से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने नगर निगम कर्मियों का डाक्टरी परीक्षण कराया है। इस मामले में सफाई नायक प्रताप के द्वारा थाना शाहगंज में दुकानदार नीरज समेत कई अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा और जान से मारने की धमकी की तहरीर दी है। इस घटना से नगर निगम कर्मियों में भारी आकोश व्याप्त हो गया था।
बताया जा रहा है कि मामला लखनऊ तक पहुंच गया है। इसलिये कार्रवाई तो निश्चित है। वहीं अगर सफाई कर्मी हड़ताल पर लंबे समय के लिये चले गये तो समूचे शहर को परेशानी होगी। गंदगी के ढेर लग जाएंगे।