आगरा। नगर निगम द्वारा “सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ” अभियान के तहत शुक्रवार को टाइम्स ऑफ इंडिया के सहयोग से “ब्रीथ ग्रीन” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कुबेरपुर स्थित पूर्व डंप साइट पर किया गया, जो अब नगर निगम के निरंतर प्रयासों से एक स्वच्छ, हरित और जन उपयोगी स्थल में बदल चुकी है। इस कार्यक्रम की शुरुआत सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम के नेतृत्व में योग सत्र के साथ हुई। योग प्रशिक्षकों द्वारा कराए गए 10 विभिन्न आसनों में नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह आयोजन यह दर्शाने का प्रतीक था कि जो स्थान कभी दुर्गंध और गंदगी के लिए जाना जाता था, वह आज शुद्ध वायु और मानसिक शांति का केंद्र बन चुका है।
योग सत्र के पश्चात प्रतिभागियों ने जलपान के बाद वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान सैकड़ों पौधे रोपे गए। सभी ने मानव श्रृंखला बनाकर यह संकल्प लिया कि आगरा को जीरो लैंड फिल बनाने की दिशा में वे सक्रिय भूमिका निभाएंगे और शहरवासियों को भी जागरूक करेंगे।
इसके उपरांत, अधिकारियों और मेहमानों ने इंटीग्रेटेड कुबेरपुर वेस्ट मैनेजमेंट प्रोसेसिंग फैसिलिटी का दौरा किया। इस केंद्र को देश के अन्य शहरों के लिए रोल-मॉडल के रूप में प्रस्तुत करने की आवश्यकता पर चर्चा की।
इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने कहा कि आज हम जिस स्थान पर खड़े हैं, वह कभी शहर की सबसे बड़ी पर्यावरणीय चुनौती हुआ करता था। नगर निगम के योजनाबद्ध प्रयासों से आज यह जगह स्वच्छता, हरियाली और जन उपयोगिता का आदर्श बन चुकी है। यह ‘स्वच्छ आगरा, स्वस्थ आगरा’ और जीरो लैंड फिल सिटी की ओर हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।”