छूटे भवनों पर करारोपण करने के कार्य में लाई जाए तेजी, सभी राजस्व कर्मियों को देना होगा शपथ पत्र
आगरा। राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज की गई डबल और बोगस संपत्तियों को हटाने के लिए सभी राजस्व कर्मियों को 21 जून तक का समय दिया गया है। अपर नजर आयुक्त सत्येंद्र कुमार तिवारी ने राजस्व कर्मियों की बैठक लेते हुए कहा कि करारोपण से शेष रहने वाली सभी नई व पुरानी संपत्तियों पर करारोपण करने की कार्रवाई में तेजी लाई जाए। इस दौरान वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष 15 प्रतिशत वसूली करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि जो भी राजस्व कर्मी नियत समय में निर्देशों का अनुपालन नहीं कर पायेगा उसके खिलाफ कार्रवाई तय है। कहा कि रोस्टर बनाकर सभी वार्डों में इस कार्य को अभी से प्रारंभ कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि बोगस और डबल करारोपण के मामलों को भी पुनः सर्वे कराकर इसी अवधि में समाप्त कर लिया जाए। 21 जून के उपरांत सभी जोनल अधिकारी, कर अधीक्षक और राजस्व निरीक्षकों को इस आशय का प्रमाणपत्र भी देना होगा कि उन्होंने नियत अवधि में दिये गये टास्क को पूरा कर लिया है।
—-वर्तमान वित्तिय वर्ष के लिए राजस्व लक्ष्य तय—-
वर्तमान वित्तिय वर्ष 2025-26 के लिए 125 करोड़ रुपये हाउस टैक्स के रुप में वसूली का लक्ष्य रखा गया है जो पिछले वित्तिय वर्ष से 25 करोड़ अधिक है। लोहा मंडी जोन को तीस करोड़ इक्कीस लाख छियत्तर हजाऱ, ताजगंज जोन को अट्ठाइस करोड़ चौतीस लाख बारह हजार, छत्ता जोन को उनतीस करोड़ तीस लाख इकसठ हजार रुपये और हरिपर्वत जोन को सैंतीस करोड़ तेरह लाख और उनचास हजार रुपये भवन कर वसूली का लक्ष्य दिया गया है।
—टैक्स जमा न करने वालों को देना होगा 12 प्रतिशत ब्याज के साथ कर—
अपर नगर आयुक्त सत्येंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि लक्ष्य हासिल करने के लिए अभी से सभी राजस्व कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दे दिये गये हैं। उन्होंने बताया कि नगर निगम में 3,97,644 संपत्तियां दर्ज हैं। इनमें तमाम लोगों ने निगम को हाउस टैक्स जमा नहीं कराया है। अब इनसे 12 प्रतिशत अतिरिक्त ब्याज के साथ कर की वसूली की जाएगी।