–मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर आगरा नगर निगम का ऐतिहासिक निर्णय
— अब रामनवमी भी मनाई जाएगी “अभय और अहिंसा दिवस” के रूप में
आगरा। रविवार , 6 अप्रैल को मनाई जाने वाली रामनवमी के पावन पर्व पर नगर निगम ने एक महत्वपूर्ण आदेश जारी करते हुए संपूर्ण नगर क्षेत्र में मांस की दुकानों को बंद रखने और जानवरों के वध पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। यह आदेश प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर लिया गया है। इसका उद्देश्य धार्मिक सौहार्द, पशु कल्याण और अहिंसा के संदेश को बढ़ावा देना है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए पशु कल्याण अधिकारी नगर निगम डॉ अजय सिंह ने बताया कि जिस प्रकार गांधी जयंती, महावीर जयंती, भगवान बुद्ध जयंती और संत टी. एल. वासवानी जयंती पर “नो मीट डे” घोषित होता है, ठीक उसी भावना के साथ अब रामनवमी को भी “अभय और अहिंसा दिवस” के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन न केवल मांस विक्रय पर रोक रहेगी, बल्कि जनजागरूकता के माध्यम से अहिंसा, करुणा और जीवदया के मूल्यों का प्रसार भी किया जाएगा। आदेशों पर अमल करने के लिए शहर के चारों जोन में कर्मचारियों की टीम नियुक्त कर दी गई है। आदेश का उल्लंघन करने पर दुकान को तत्काल सील कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने सभी होटल रेस्टोरेंट संचालकों से अपील की है कि वह रामनवमी के दिन अपने संस्थानों में शाकाहारी भोजन को प्राथमिकता दें।
वर्जन——
“रामनवमी केवल भगवान राम के जन्म का पर्व नहीं है, यह धर्म, नीति, करुणा और सत्य का प्रतीक भी है। इसलिए इसे ‘अभय और अहिंसा दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है, ताकि समाज को एक सकारात्मक संदेश दिया जा सके। जैसे अन्य पर्वों पर मांस प्रतिबंध लागू होता है, वैसे ही अब रामनवमी को भी उसी सम्मान के साथ अहिंसात्मक रूप में मनाया जाएगा।”
अंकित खंडेलवाल,नगर आयुक्त