औषधीय हवन सामग्री और गोमय उत्पाद चाहिए तो नगर निगम आइये

Press Release उत्तर प्रदेश

—–नवरात्र पर हवन सामग्री के लिए नगर निगम काउंटर से ले सकते हैं गौमय उत्पाद
———गोशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में नगर निगम की पहल

आगरा। नवरात्र के पावन अवसर पर नगर निगम और लव यू जिंदगी फाउंडेशन की ओर से हवन-पूजन सामग्री की बिक्री शुरू की गई है। नगर निगम कार्यालय स्थित काउंटर से श्रद्धालु गौकंडे, हवन सामग्री और गोबर की लकड़ी प्राप्त कर सकते हैं। यह पहल नगर निगम द्वारा संचालित गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई है।
नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अजय सिंह ने बताया कि यह सामग्री नो प्रॉफिट, नो लॉस के आधार पर उपलब्ध कराई जा रही है। इसमें देशी गाय के गोबर से बने कंडे और औषधीय जड़ी-बूटियों से तैयार हवन सामग्री शामिल है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य न केवल श्रद्धालुओं को शुद्ध सामग्री प्रदान करना है, बल्कि गौशालाओं के संचालन में आर्थिक सहयोग भी देना है।
संस्था के सचिव प्रांकुर जैन ने जानकारी दी कि नव दुर्गा में यह सामग्री दोपहर 12 बजे से रात 8 बजे तक नगर निगम कार्यालय में उपलब्ध रहेगी। संस्था धार्मिक उपयोग की अन्य सामग्रियां, गृह सज्जा के उत्पाद और आयुर्वेदिक दवाएं भी मुहैया करा रही है।
नगर निगम की इस योजना के तहत गौशालाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके माध्यम से न केवल पर्यावरण अनुकूल उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि शहर की गौशालाओं को भी सशक्त बनाया जाएगा।
श्रद्धालुओं के बीच इस पहल को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। हवन-पूजन में रुचि रखने वाले लोग इन प्राकृतिक उत्पादों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। नगर निगम और लव यू जिंदगी फाउंडेशन की इस पहल से निश्चित ही गौशालाओं को मजबूती मिलेगी और गौमय उत्पादों का अधिक प्रचार-प्रसार होगा।

नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा, “यह पहल पर्यावरण संरक्षण और गौशालाओं की आत्मनिर्भरता के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। नगर निगम इस तरह के प्रयासों को प्रोत्साहित करता रहेगा, ताकि धार्मिक परंपराओं को बनाए रखते हुए पर्यावरण की भी रक्षा की जा सके।”

महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने कहा, “नवरात्र जैसे पावन पर्व पर श्रद्धालुओं को शुद्ध और प्राकृतिक हवन सामग्री उपलब्ध कराना एक सराहनीय कदम है। इससे न केवल धार्मिक अनुष्ठानों की पवित्रता बनी रहेगी, बल्कि गौशालाओं को भी लाभ मिलेगा। नगर निगम इस प्रकार की पहल को आगे भी प्रोत्साहित करता रहेगा।”

.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *