सींगना में अन्तर्राष्ट्रीय आलू केन्द्र की स्थापना के सम्बन्ध में कृषि उत्पादन आयुक्त ने सहमति जतायी

स्थानीय समाचार
रविवार को सींगना में पौधारोपण करते एपीसी मनोज कुमार सिंह।

आगरा, 21 मई।  कृषि उत्पादन आयुक्त उ0 प्र0 शासन मनोज कुमार सिंह द्वारा आज राजकीय आलू प्रक्षेत्र, सींगना पर अन्तर्राष्ट्रीय आलू केन्द्र पेरू, साउथ अमेरिका की एक शोध शाखा की स्थापना के सम्बन्ध में भ्रमण किया गया। उनका स्वागत  मुख्य विकास अधिकारी ए०मनिकण्डन द्वारा किया गया। उनके द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय आलू केन्द्र पेरू साउथ अमेरिका की एक शोध शाखा की स्थापना हेतु चिन्हित भूमि के निरीक्षण किया गया तथा प्रक्षेत्र पर उपलब्ध ढांचागत सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की गयी।  उप निदेशक उद्यान कौशल कुमार नीरज द्वारा अवगत कराया गया कि इस प्रक्षेत्र की स्थापना वर्ष 1975 में हुयी है तथा यहाँ पर लगभग 23 हे0 क्षेत्रफल में आलू बीज उत्पादन किया जाता है। कृषि उत्पादन आयुक्त महोदय द्वारा प्रक्षेत्र पर पौध रोपड़ भी किया गया।

राजकीय आलू प्रक्षेत्र, सींगना पर  02 मई, 2023 को अन्तर्राष्ट्रीय आलू केन्द्र की एक शोध शाखा की स्थापना हेतु कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय भारत सरकार, नई दिल्ली, निदेशक एकीकृत बागवाली विकास मिशन, अन्तर्राष्ट्रीय आलू केन्द्र, निदेशक उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग उ0प्र0 लखनऊ के अधिकारियों द्वारा भ्रमण किया गया था। इन अधिकारियों द्वारा जनपद आगरा के राजकीय आलू प्रक्षेत्र, सींगना पर अन्तर्राष्ट्रीय आलू केन्द्र की स्थापना के सम्बन्ध में सकारात्मक रूख अपनाऐ जाने पर कृषि उत्पादन आयुक्त महोदय द्वारा आज  राजकीय आलू प्रक्षेत्र, सींगना का भ्रमण किया गया।

कृषि उत्पादन आयुक्त द्वारा प्रक्षेत्र के सम्बन्ध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की गयी तथा वह राजकीय आलू प्रक्षेत्र सींगना पर अन्तर्राष्ट्रीय आलू केन्द्र की स्थापना के सम्बन्ध में सहमत प्रतीत हुए । कृषि उत्पादन आयुक्त द्वारा मुख्य मार्ग से प्रक्षेत्र हेतु ग्राम सींगना की तरफ से लिंक रोड तथा कीठम झील के पास से प्रक्षेत्र हेतु लिंक रोड का निरीक्षण किया गया। उप निदेशक उद्यान द्वारा अवगत कराया गया कि पूर्व में कीठम झील वाले लिंक रोड से प्रक्षेत्र के लिए आवागमन होता था विगत कुछ वर्ष पूर्व वन विभाग द्वारा इस लिंक रोड को बन्द कर दिया गया जिसके कारण प्रक्षेत्र पर ग्राम सींगना होकर जाना पड़ता है। ग्राम सींगना वाला लिंक रोड अत्यधिक खराब एवं लम्बा है। कृषि उत्पादन आयुक्त के भ्रमण के समय  संजीव कुमार वर्मा, अधीक्षक राजकीय उद्यान आगरा,  विनोद कुमार, जिला कृषि अधिकारी आगरा, डा० आर०एस० चौहान, प्रभारी कृषि विज्ञान केन्द्र आगरा, इत्यादि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *