वर्टिकल गार्डन के सूखे पौधों की जगह लगाये जाएंगे नये पौधे

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा, 21 फरवरी। स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर नगर निगम द्वारा की जा रही तैयारियों के मध्य शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थापित वर्टिकल गार्डन के सूखे पौधों के स्थान पर नये पौधे लगाये जाने के निर्देश नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने दिये हैं।
स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए भारत सरकार की टीम कभी भी ताजनगरी आ सकती है। इसी के मद्देनजर नगर निगम तैयारियों में जुटा हुआ है। सर्वेक्षण के सभी मानकों पर बारिकी से नजर रखी जा रही है। ऐन वक्त पर कोई कमी न रह जाए इसके लिए सभी विभागाध्यक्षों को अलर्ट रहने के निर्देश दिये हैं। इसी कड़ी में शहर में विकसित की गई ग्रीन बेल्ट और वर्टिकल गार्डनों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिये गये है। जिन स्थानों पर पानी के अभाव या मियाद पूरी होने के कारण पौधे सूख गये हैं उनको बदलने के लिए प्रभारी उद्यान को निर्देशित किया गया हैं।
ईदगाह से लेकर ताजगंज जोनल कार्यालय तक के अलावा नगर निगम ने खंदारी चौराहा,वाटरवर्क्स और संजय प्लेस समेत कई अन्य स्थानों पर नगर की सुंदरता बढ़ाने के उद्देश्य से वर्टिकल गार्डन विकसित किये हैं। इनमें से कई स्थानों पर खारे पानी की वजह से पौधों को पानी देने के लिए लगाये गये पाइप बंद हो गये हैं जिससे पौधे सूख रहे हैं। सभी सूखे पौधों के स्थान स्थान पर नगरायुक्त ने नये पौधे लगाने के निर्देश देने के साथ बंद लाइनों को बदलने के निर्देश दिये हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए सह प्रभारी उद्यान विपिन यादव ने बताया कि स्वच्छ मौहल्लों के सभी रुटों पर स्थित हरियाली और वर्टिकल गार्डन को हराभरा रखने के लिए हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। पौधों की सिंचाई पर विषेश ध्यान दिया जा रहा है। सूखे पौधों के स्थान पर नये पौधे लगाये जा रहे हैं। हालांकि नगर निगम ने पौधों की सिंचाई के लिए पानी के टैंकरों की व्यवस्था कर रखी है इसके बावजूद अब वर्टिकल गार्डन पर वाटर स्प्रिंकलर लगाये जाने पर विचार किया जा रहा है। पहले इसे कुछ स्थानों पर लगाया जाएगा अगर प्रयोग सफल रहा तो अन्य स्थानों पर भी इस प्रकार की व्यवस्था कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि वाटर स्प्रिंकलर को मैनुअल और आटोमेटिक दोनों मोड में चलाया जा सकता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *