ताज महोत्सव 2025 के अंतर्गत नगर निगम द्वारा यमुना महाआरती का किया जा रहा है आयोजन
18 फरवरी से 2 मार्च तक चलेगा यमुना आरती का कार्यक्रम
आगरा, 18 फरवरी। वाराणसी की गंगा आरती की तर्ज पर 400 वर्ष पुरानी परंपरा आगरा में यमुना मैया के तट पर एक बार फिर अपने पूर्ण वैभव के साथ सजीव हो उठी। मौका था ताज महोत्सव 2025 के शुभ अवसर पर आगरा नगर निगम द्वारा यमुना महाआरती का। मंगलवार को यमुना महाआरती के दिव्य एवं भव्य आयोजन का शुभारंभ महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने यमुना मैया की आरती करके किया।
यमुना मैया की भव्य आरती, वैदिक मंत्रोच्चारण एवं भक्तिमय भजन संध्या से संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से आलोकित हो उठा। इस अवसर पर महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने कहा कि यह आयोजन केवल श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक नहीं, बल्कि यमुना नदी की स्वच्छता और संरक्षण का संकल्प भी है। 18 फरवरी से 2 मार्च तक प्रतिदिन सायं 5:00 बजे से 8:00 बजे तक, प्राचीन मधुराधीश मंदिर के समीप, एत्माद्दौला व्यू पॉइंट पर यमुना महाआरती की जाएगी। सभी शहरवासी यमुना महाआरती में भाग लेकर दिव्य और भव्य आयोजन का साक्षी बनें और यमुना मैया की कृपा प्राप्त करें। आयोजन की शोभा बढ़ाने के लिए प्रतिष्ठित संत-महात्मा, विद्वान ज्योतिषाचार्य, ख्यातिप्राप्त गुरुजन, प्रख्यात कवि एवं गणमान्य अतिथियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।