शांति समिति की बैठकों में सिविल डिफेंस के पदाधिकारियों को बुलाया जाए

Press Release उत्तर प्रदेश स्थानीय समाचार

आगरा, 18 अप्रैल। पुलिस महानिदेशक, नागरिक सुरक्षा मुकुल गोयल  ने आज सर्किट हाउस सभागार में नागरिक सुरक्षा के पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में उपनियंत्रक, नागरिक सुरक्षा श्री जसवंत सिंह ने नागरिक सुरक्षा की स्थापना उसके संगठन, उपयोगिता तथा किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला, उन्होंने बताया कि इस संगठन की स्थापना 1962 के चीन युद्ध के समय हुई।इस समय आगरा डिवीजन में 1107 व्यक्तियों का स्टाफ है, आगरा में 06 डिवीजन कार्यरत हैं,हाल ही में आंबेडकर जयंती के अवसर पर 400 से अधिक सिविल डिफेंस वॉलंटियर की ड्यूटी लगाई गई।
बैठक में चीफ वार्डन अनिलकुमार गर्ग द्वारा महानिदेशक को 09 बिंदुओं का एक मांग पत्र प्रस्तुत किया गया जिसमें सिविल डिफेंस के पदाधिकारियों का मानदेय बढ़ाने, वाहन उपलब्ध कराने, पुलिस विभाग द्वारा शांति समिति की बैठकों में सिविल डिफेंस के पदाधिकारियों को बुलाए जाने जैसे विषय शामिल रहे।
बैठक में पुलिस महानिदेशक/निदेशक नागरिक सुरक्षा मुकुल गोयल ने अपने संबोधन में बताया कि मैं, 2006 में आगरा में डीआईजी के रूप में पदस्थ रहा इस दौरान आगरा सिविल डिफेंस के कार्यों को नजदीकी से देखा और सहयोग भी लिया, इतने कम संसाधन में भी बहुत ही अच्छा कार्य नागरिक सुरक्षा द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने माना कि कार्यों को देखते हुए मानदेय बहुत कम तथा बहुत पुराने प्रारूप में है जिसका पुनरीक्षण किया जाएगा। उपर्युक्त विषय पर शासन स्तर पर वार्ता की गई है।यह एक स्वायत्तशासी संगठन है जो आपदा ही नही सामान्य परिस्थितियों में भी पुलिस, प्रशासन, सिविल सोसायटी की मदद करता है उन्होंने पदाधिकारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसा सेवा कार्य करने का मौका हर व्यक्ति को नही मिलता, युद्ध,आपदा राहत, हवाई हमले के समय ही नहीं शांति काल में भी संगठन अपनी भूमिका निभाता रहा है उन्होंने पल्स पोलियो अभियान, विभिन्न मेले, त्योहार, दुर्घटनाओं के समय भी अनुकरणीय कार्य किया है। उन्होंने सिविल डिफेंस के पदाधिकारियों से नई चुनौतियों हेतु भी वॉलेंटियर को प्रशिक्षित करने, सिविल सोसायटी, स्कूल,कॉलेज के बच्चों को भी आपदा राहत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने हेतु उन्हें जागरूक करने, ट्रेनिंग देने का अभियान चलाने हेतु आह्वान किया। बैठक को सिटी मजिस्ट्रेट श्री आनंद कुमार सिंह ने भी संबोधित किया तथा सिविल डिफेंस के कार्यों व सहयोग की तारीफ की। बैठक में एसीपी श्री सैयद अरीब अहमद ने बताया कि सिविल डिफेंस निस्वार्थ भाव से राष्ट्र सेवा में लगा है, मैं व्यक्तिगत रूप से इनके कार्यों से प्रभावित हूं, उन्होंने शांति कमेटी की बैठकों में सिविल डिफेंस के पदाधिकारियों को बुलाए जाने हेतु आश्वस्त किया।
बैठक में उपनियंत्रक नागरिक सुरक्षा,  जसवंत सिंह, चीफ वार्डन अनिल कुमार गर्ग, सहायक उपनियंत्रक  जयवीर सिंह, सुश्री संगीता त्रिपाठी, पीआरओ चीफ वार्डन  अशोक शर्मा प्रभागीय वार्डन  भूपेंद्र शिवहरे सहित सभी पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *