भाजपा के रामबाग मंडल में भाजपाइयों के दो गुटों में जमकर मारपीट, कई को चोटें

Politics उत्तर प्रदेश

आगरा, 14 दिसंबर। महानगर भाजपा के मंडल अध्यक्षों के चुनाव की प्रक्रिया के दौरान रामबाग मंडल में पार्टी के ही दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इसमें दोनों ही ओर के कई कार्यकर्ता घायल हो गए हैं। मामला पुलिस तक पहुंच गया है। एत्माउद्दौला थाने में दोनों ही पक्षों की ओर से तहरीर दी गई है। पुलिस दोनों पक्षों के चुटैल लोगों का मेडिकल करा रही है।

भाजपा के मंडल अध्यक्षों के चुनाव की प्रक्रिया आज सुबह ही शुरू हुई थी। महानगर इकाई के 22 मंडलों में सुबह दस से एक बजे तक नामांकन स्वीकार किए जाने थे। इसी क्रम में रामबाग मंडल के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन नुनिहाई रोड पर दाऊजी मिष्ठान भंडार के बराबर स्थित भोले बाबा मंदिर में स्वीकार किए जा रहे थे।

रामबाग मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सचिन भदौरिया भी अपना नामांकन दाखिल करने पहुंचे। सचिन नामांकन दाखिल करने के बाद बाहर निकले और वहां पहले से खड़े पिंटू गुप्ता के साथ मारपीट शुरू कर दी। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। इधर पिंटू गुप्ता के साथ मारपीट की खबर मिलने पर उनके समर्थक भी भोले बाबा मंदिर पर पहुंच गए और उन्होंने सचिन भदौरिया और उनके साथ आए लोगों को पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान दोनों ही ओर के कार्यकर्ता एक-दूसरे से गुत्थमगुत्था हो गए। पार्टी के कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों पक्षों के झगड़ते कार्यकर्ताओं को किसी प्रकार अलग किया। इस मारपीट में पिंटू गुप्ता, सचिन भदौरिया, दीपक और कुछ अन्य लोगों को चोटें आई हैं। इसके बाद दोनों ही ओर के लोग एत्माउद्दौला थाने पहुंच गए और अपनी-अपनी तहरीरें दीं। पुलिस तहरीरों के आधार पर दोनों पक्षों के चुटैल लोगों के मेडिकल करा रही है।

ये है विवाद की जड़

पिछली बार रामबाग मंडल का अध्यक्ष सचिन भदौरिया को बनाया गया था। बाद में सचिन भदौरिया के निष्क्रिय रहने पर पार्टी ने पिंटू गुप्ता को रामबाग मंडल का संयोजक बनाकर उनसे काम लेना शुरू कर दिया था। माना जा रहा है कि सचिन भदौरिया इसी बात से खफा था। इसी बात को लेकर छह-सात माह पहले सचिन भदौरिया ने पिंटू गुप्ता की प्रकाश नगर स्थित दुकान पर पहुंचकर भी बवाल किया था। पिंटू के साथ ही उसकी मां के साथ भी अभद्रता की गई थी। पिंटू गुप्ता ने इसका मुकदमा भी सचिन भदौरिया के खिलाफ दर्ज कराया था।

सचिन समर्थकों का आरोप

सचिन भदौरिया द्वारा पिंटू गुप्ता से मारपीट किए जाने पर सचिन भदौरिया के समर्थकों का कहना था कि सचिन जब नामांकन करने आया तो पिंटू गुप्ता द्वारा कमेंट किया गया था जबकि पिंटू पक्ष का कहना है कि वह तो चुपचाप खड़ा था। किसी प्रकार का कमेंट नहीं किया था।

विधायक से मिलने की जानकारी पर बौखलाहट

बताया गया है कि भाजपा रामबाग मंडल के उपाध्यक्ष मोहन सिंह भी इस बार मंडल अध्यक्ष पद के दावेदार हैं। मोहन सिंह अपनी पैरोकारी के लिए पिंटू गुप्ता को लेकर विधायक धर्मपाल सिंह से मिलने गया था। सचिन भदौरिया की इसकी भनक लग गई थी। माना जा रहा है कि सचिन भदौरिया की बौखलाहट की एक वजह यह भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *