आगरा जनपद में कक्षा 10 और 11 में नामांकित छात्रों की संख्या में गिरावट पर डीआईओएस और एसोसिएट को प्रतिकूल प्रविष्टि

Press Release उत्तर प्रदेश

मंडलायुक्त श्रीमती रितु माहेश्वरी की अध्यक्षता में मुख्य विकास अधिकारियों के साथ मंडल के विकास कार्यों की हुई समीक्षा बैठक

जिलाधिकारी आगरा और मुख्य विकास अधिकारी को भी ठीक से समीक्षा न कर पाने के आशय का पत्र जारी करने को कहा

आगरा, 9 सितंबर। आज सोमवार को मंडलायुक्त श्रीमती रितु माहेश्वरी की अध्यक्षता में मंडलीय विकास अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सर्वप्रथम शैक्षिक सत्र 2024-25 में दिव्यांग छात्रों के नामांकन की समीक्षा की गयी। कक्षा 1 से लेकर कक्षा 8 तक कुल 14138 दिव्यांग छात्रों का नामांकन किया गया जो कि विगत शैक्षिक सत्र 2022-23 में नामांकित छात्रों की संख्या से काफी कम रहा। मंडलायुक्त ने नाराजगी व्यक्त की। एडी बेसिक को निर्देश दिए कि नामांकन हेतु सितंबर आखिरी महीना है। इसके दृष्टिगत आगरा मंडल के चारों जनपदों में बेसिक शिक्षा अधिकारी के साथ फील्ड में निकलें। एक हफ्ते में 2 दिन की विजिट लगाएं एवं माह के अंत में पूरी आख्या प्रस्तुत करें।

इसके अलावा कक्षा 9 से 12 तक माध्यमिक शिक्षा में फिरोजाबाद जनपद में पिछले शैक्षिक वर्ष के ही बराबर छात्रों के नामांकन हुए जबकि अन्य जनपदों में कक्षा 10-11-12 छात्रों के नामांकन कराए जाने की दिशा में प्रयास नहीं किया गया। प्रत्येक माह में होने वाली मंडलीय बैठक में समीक्षा कर निर्देश दिए जाने के बावजूद कोई खास प्रगति देखने को नहीं मिली। विशेषकर आगरा जनपद में वर्तमान शैक्षिक वर्ष में कक्षा 10 और 11 में नामांकित छात्रों की संख्या में गिरावट देखने को मिली। नामांकन न करने वाले छात्रों का संबंधित शिक्षा अधिकारी कोई कारण ना बता सके, इसे नाराज मंडलायुक्त ने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं सह जिला विद्यालय निरीक्षक के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी को भी ठीक से समीक्षा न कर पाने के आशय का पत्र जारी करने को कहा। चारों जनपदों के मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिए गए कि बेसिक और माध्यमिक में कक्षावार नामांकन करने वाली छात्रों की संख्या, नामांकन न करने का कारण संबंधी पूरी रिपोर्ट संबंधित अधिकारी से तलब की जाए और रिपोर्ट प्रस्तुत न करने वाले अधिकारी के खिलाफ कार्यवाही की जाए। वहीं उच्च शिक्षा विभाग से जुड़ा नामांकित छात्रों का कोई डाटा उपलब्ध न होने पर आगरा विश्वविद्यालय के अधिकारियों के साथ अलग से बैठक कराने के निर्देश दिए।

दिव्यांग छात्र-छात्राओं को दिव्यांगता प्रमाण पत्र वितरित किए जाने की स्थिति पर समीक्षा की गई। सबसे ज्यादा आगरा जनपद में दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए जाने से शेष हैं। विगत बैठक में निर्देश दिए जाने के बावजूद अवशेष दिव्यांगता प्रमाण पत्र नहीं बनाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के निर्देश दिए और कहा कि चारों जनपदों में जितने भी पात्र छात्रों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए जाने शेष हैं, अगले मंडलीय बैठक होने से पूर्व ही बनाकर वितरित कर दिए जाएं।

ऑपरेशन कायाकल्प की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जितने भी विद्यालयों में विभिन्न पैरामीटर्स पर जितने काम बाकी हैं, उसका टाइमलाइन सहित कार्य योजना बनाकर पूरी रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। पीएम पोषण विद्यालय निरीक्षक में मथुरा की खराब स्थिति पर नाराजगी व्यक्त की। एडी बेसिक को बीएसए मथुरा की जिम्मेदारी तय करते हुए सही से समीक्षा करने के निर्देश दिए। चारों जनपदों में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय और महिला कल्याण गृह में सुरक्षा गार्ड की तैनाती और सक्रिय सीसीटीवी कैमरे सुनिश्चित किए जाएं, जहां पर भी कमी है, वहाँ कमी दूर करते हुए एक हफ्ते में कंप्लायंस रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। जनपद आगरा में आंगनबाड़ी केंद्रों पर इंफ्रा किट उपलब्धि कराए जाने में वृद्धि नहीं हुई, कार्य योजना बनाकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

निराश्रित गोवंश संरक्षण की समीक्षा की गई। निर्देश दिए गए कि चारों जनपदों में सभी गौशालाओं की मुख्य विकास अधिकारी जांच करें। रिकॉर्ड का रखरखाव ठीक करायें। किसी भी गौशाला में जलभराव ना हो। चार-भूसा समय पर भरपूर उपलब्ध हो। गैस संरक्षण में वृद्धि के लिए सभी गौशाला संचालक के साथ बैठकर उन्हें गाइड किया जाए। वहीं आगरा में निर्माणाधीन सातों वृहद गौ संरक्षण केंद्र का सितंबर माह के अंत तक पूर्ण कराकर उन्हें क्रियाशील बनाया जाए। जनपद मैनपुरी में बरनाहल क्षेत्र में छुट्टा आवारा गोवंश घूमने की शिकायत पर मैनपुरी सीडीओ को टीम लगाकर गोवंश को गौशाला में निराश्रित करने के निर्देश दिए। गोचर भूमि में मैनपुरी जनपद को छोड़कर अन्य जनपदों में लिंक गौशालाओं की संख्या बढ़ाने को कहा।

जननी सुरक्षा योजना में लाभार्थियों एवं आशा बहनों को किए जाने वाले भुगतान की समीक्षा की गई। अवगत कराया गया कि गाइडलाइन के अनुसार 48 घंटे के अंदर जननी सुरक्षा योजना में लाभार्थी का भुगतान हो जाना चाहिए, जबकि प्रस्तुत की गई रिपोर्ट के अनुसार आगरा मण्डल में सिर्फ 15% लाभार्थियों का ही 48 घंटे के अंदर भुगतान हो रहा है। इसे लेकर मंडलायुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए चारों जनपदों के सीएमओ को अंतिम चेतावनी जारी करने और इसी माह से निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पूर्ण भुगतान किए जाने के निर्देश दिए। वहीं आशा बहनों को किए गए भुगतान में मथुरा में शत प्रतिशत भुगतान किए जाने की स्थिति पर पूर्ण विवरण सहित व्याख्या प्रस्तुत उपलब्ध कराने को कहा।

आयुष्मान कार्ड एवं उपचारित लाभार्थियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए कि एडी हेल्थ चार जनपदों के सीएमओ के साथ बैठक करें आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की प्रगति की समीक्षा करें। सभी चिकित्सकों के साथ बैठक कर आयुष्मान योजना के अंतर्गत इलाज कराए जाने के निर्देशों का अनुपालन करायें। सरकारी अस्पताल में आने वाले किसी भी मरीज को बाहर से दवाई खरीदने के लिए मजबूर ना होना पड़े यह भी सुनिश्चित किया जाए। आगरा मंडल में डेंगू और मलेरिया के मामले बढ़ने पर निर्देश दिए गए कि संचारी रोग अभियान को प्रभावी बनाया जाए। जिन क्षेत्रों से मामले सामने आ रहे हैं वहां टीम भेजकर जांच कराई जाए, दवाई का छिड़काव किया जाए। विशेष कर ग्रामीण क्षेत्रों में समुचित सफाई एवं जल भराव की समस्या का निस्तारण करने हेतु डीपीआरओ को निर्देशित किया गया।

पंचायती राज विभाग की समीक्षा की गई 15वें वित्त आयोग में फिरोजाबाद और पांचवा वित्त आयोग में आगरा तथा मथुरा जनपद की स्थिति में सुधार लाने को कहा। आगरा मंडल में जन सेवा केंद्र से बेहद कम सेवा जारी होने पर नाराजगी व्यक्त की। चारों डीपीआरओ को अंतिम चेतावनी जारी करते हुए निर्देश दिए कि पंचायत सहायकों से समुचित काम लिया जाए। सीडीओ भी समय-समय पर इसकी समीक्षा करें। मॉडल ओडीएफ प्लस में लक्ष्य के अनुरूप पूर्ण रूप से संतृप्त करने एवं संतृप्त किए गए मॉडल ग्राम पंचायत की जांच करने के निर्देश दिए गए।

एक जनपद एक उत्पाद ‘ब्रज उदय’ की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद आगरा में दो नए उत्पाद तैयार हो रहे हैं। आगरा के अलावा मथुरा में भी ब्रज उदय उत्पादों की बिक्री हेतु अस्थाई दुकान तैयार हो रही है। मंडलायुक्त  ने निर्देश दिए कि आगरा के अलावा अन्य जनपदों से भी नए उत्पाद चयनित कर पैकेजिंग सहित उनकी आपूर्ति की जाए। मथुरा में बन रही अस्थाई दुकान को जल्द तैयार कर जनपदीय और मंडलीय संयुक्त उत्पाद की बिक्री की जाए। मैनपुरी और फिरोजाबाद में अभी ब्रज उदय उत्पाद की बिक्री हेतु अस्थाई दुकान के लिए जगह चिन्हित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *