आगरा, 21 जुलाई। नगर निगम ने गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर महिलाओं के लिए एक विशेष संडे कैंपेन आयोजित किया, जिसमें महिलाओ ने बढ़-चढ़ कर भागीदारी की। कैंपेन का उद्देश्य महिलाओं को सैनिटरी नैपकिन्स के सही उपयोग और निष्पादन के बारे में जागरूक करना था।
कैंपेन को “जर्नी टू रूट” एनजीओ के साथ मिलकर नगर निगम ने आयोजित किया। मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने इसका उद्घाटन किया। इस अवसर पर अत्मिये एरम, “जर्नी टू रूट” एनजीओ संस्था की हेड, पुष्पांजलि गार्डेनिया के सदस्य, अप नगर आयुक्त सरिता सिंह और सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम भी मौजूद थे।
कार्यक्रम के दौरान, महिलाओं को समझाया गया कि उन्हें सैनिटरी पैड्स को सही तरीके से इस्तेमाल करके उन्हें पेपर में लपेट कर लाल रंग लगा कर रखना चाहिए, ताकि यह कचरा निर्धारित कचरे के डिब्बे में एसएचजी महिलाओं द्वारा इकट्ठा कर इसे नगर निगम द्वारा निर्धारित सैनिटरी वेस्ट को इकठ्ठा करने वाली कचरा गाड़ी में सही तरीके से एकत्रित कर इसका निष्पादन वैज्ञानिक तरीके से किया जा सके।
कार्यक्रम में शामिल हुए सेल्फ-हेल्प ग्रुप (एसएचजी) महिलाएं, ट्यूलिप इंटर्न्स, नगर निगम की टीम के साथ-साथ पुष्पांजलि गार्डेनिया की सभी महिलाओं ने इसकी सराहना की। कैंपेन के अंत में मेयर ने सेफ्टी इंक व्हीकल को हरी झंडी दिखाकर लॉन्च किया। इसी वाहन के माध्यम से सोसाइटी में मौजूद सैनिटरी वेस्ट को इंसिनरेशन प्लांट पर डिस्पोज़ल के लिए रवाना किया गया।
इस प्रकार, गुरु पूर्णिमा के अवसर पर नगर निगम ने महिलाओं को जागरूक बनाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया, जिससे शहर में स्वच्छता और प्रदूषण मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।