—- इन दुकानदारों पर है 80 लाख का गृहकर बकाया
—– नोटिस–वारंट के बाद भी जमा नहीं किया टैक्स; कुर्की की तैयारी
आगरा। नगर निगम ने गृहकर बकाया को लेकर अब सख्त रुख अपना लिया है। संजय प्लेस स्थित जूता और कपड़ा मार्केट की करीब 100 दुकानों पर निगम द्वारा कभी भी सीलिंग और कुर्की की कार्रवाई की जा सकती है। इन दुकानदारों पर लगभग 80 लाख रुपये का गृहकर बकाया है, जबकि डिमांड नोटिस और वारंट जारी होने के बाद भी इन दुकानदारों के द्वारा टैक्स जमा नहीं कराया जा रहा है।
सहायक नगर आयुक्त एवं प्रभारी कर श्रद्धा पांडेय ने बताया कि संजय प्लेस के जूता और कपड़ा मार्केट में लगभग 800 दुकानें संचालित हैं, जिनसे नगर निगम को प्रतिवर्ष करीब तीन करोड़ रुपये का गृहकर राजस्व प्राप्त होता है। निगम के लगातार अभियान और चेतावनी के बाद लगभग 700 दुकानदारों ने बकाया गृहकर जमा करा दिया है, लेकिन करीब 100 दुकानदार अभी भी भुगतान नहीं कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इन दुकानदारों को कई बार नोटिस भेजे गए और वारंट भी जारी किए गए, इसके बावजूद बकाया जमा नहीं कराया गया। ऐसे में अब निगम प्रशासन ने इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी कर ली है। जल्द ही बकायेदार दुकानों को सील करने के साथ ही कुर्की की कार्रवाई भी की जाएगी।
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल का वर्जन:—–
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा कि गृहकर नगर निगम की प्रमुख आय का स्रोत है और इसे जमा करना सभी की जिम्मेदारी है। जिन दुकानदारों ने नोटिस और वारंट के बाद भी बकाया जमा नहीं किया है, उनके खिलाफ सीलिंग और कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बकायेदारों से अपील की कि कार्रवाई से बचने के लिए तत्काल अपना गृहकर जमा करा दें।
