बलिदान की अमर गाथा को सम्मान: नगर निगम ने स्थापित की चार साहिबज़ादों की भव्य तस्वीर

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। शहर के मारुति स्टेट चौराहे पर नगर निगम द्वारा सिखों के दसवें गुरु, गुरु गोविंद सिंह जी के चारों साहिबज़ादों की स्मृति में उनकी विशाल तस्वीर स्थापित की गई है। सिख समाज की मांग पर लगाए गए इस चित्र को ऊंचे प्लेटफॉर्म पर स्थापित किया गया है, जो चारों साहिबज़ादों के अद्वितीय बलिदान और साहस की गाथा को समर्पित है।
चारों साहिबज़ादों—साहिबज़ादा अजीत सिंह, जुझार सिंह, जोरावर सिंह और फतेह सिंह ने धर्म और मानवता की रक्षा के लिए कम आयु में ही अद्भुत वीरता और त्याग का परिचय दिया था। उनके इस बलिदान को सिख इतिहास में अद्वितीय स्थान प्राप्त है। नगर निगम की इस पहल को सिख समुदाय के साथ-साथ आम नागरिकों द्वारा भी श्रद्धा और सम्मान की दृष्टि से देखा जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए नगर निगम के सहायक अभियंता जीवेक ने बताया कि वर्तमान में तस्वीर को सुरक्षित और आकर्षक प्लेटफॉर्म पर स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही इस स्थान का सौंदर्यीकरण कार्य भी कराया जाएगा। इसके तहत चबूतरे के चारों ओर आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी, साथ ही तस्वीर को सुरक्षित रखने के लिए उसके ऊपर एक छत का निर्माण भी कराया जाएगा, ताकि यह स्थल एक प्रेरणादायक स्मृति स्थल के रूप में विकसित हो सके। व्यस्त चौराहे पर स्थापित यह तस्वीर न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि नई पीढ़ी को साहस, त्याग और देशभक्ति की प्रेरणा भी देगी।

—–नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल का वर्जन:

नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा कि चारों साहिबज़ादों का बलिदान अद्वितीय और प्रेरणादायक है। नगर निगम का उद्देश्य शहर में ऐसे स्मृति स्थलों का विकास करना है, जो समाज को महान आदर्शों और मूल्यों की याद दिलाते रहें। उन्होंने बताया कि मारुति स्टेट चौराहे का सौंदर्यीकरण कर इसे एक व्यवस्थित और आकर्षक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि नागरिक यहां आकर श्रद्धांजलि अर्पित कर सकें और उनके त्याग से प्रेरणा ले सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *