नई दिल्ली। राजधानी में आयोजित ‘AI इम्पैक्ट समिट’ के दौरान एक दिलचस्प और थोड़ा ‘असहज’ कर देने वाला पल कैमरे में कैद हुआ। मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मौजूद दुनिया के बड़े टेक दिग्गजों के बीच तब उलझन पैदा हो गई, जब पीएम मोदी ने एकजुटता दिखाने के लिए सबके हाथ ऊपर उठाए। इस दौरान OpenAI के CEO सैम ऑल्टमैन और उनके प्रतिद्वंदी Anthropic के CEO डारियो अमोडेई काफी नर्वस और कन्फ्यूज नजर आए।
”मुझे समझ नहीं आया क्या करना था”
PTI की रिपोर्ट के अनुसार, ऑल्टमैन ने बाद में इस पल को याद करते हुए कहा, “मैं थोड़ा उलझन में था। जब प्रधानमंत्री मोदी ने मेरा हाथ पकड़कर ऊपर किया, तो मुझे समझ नहीं आया कि इशारा क्या है। मुझे लगा शायद यह कोई ‘ओपन क्लॉक’ जैसा सिग्नल है।”
प्रतिद्वंद्वियों के बीच दिखी असहजता
मंच पर ऑल्टमैन और डारियो अमोडेई के बीच की असहजता चर्चा का विषय बनी रही। दोनों ही दिग्गज कुछ सेकंड तक यह तय नहीं कर पाए कि उन्हें हाथ मिलाना है, बाजू पकड़नी है या बस हाथ हवा में उठाने हैं। दिलचस्प बात यह है कि डारियो अमोडेई पहले OpenAI का ही हिस्सा थे, लेकिन 2020 में मतभेदों के चलते उन्होंने अपनी अलग कंपनी ‘एन्थ्रॉपिक’ बना ली थी। तब से दोनों के बीच कड़ी व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा है। समिट में भी दोनों ने हाथ तो उठाए, लेकिन एक-दूसरे का हाथ पकड़ने के बजाय मुट्ठियां बंद रखीं।
