
आगरा। शहर के धूलियागंज चौराहे पर लंबे समय से यातायात में बाधा बन रहे पुराने पुलिस प्लेटफार्म को नगर निगम द्वारा ध्वस्त कर उसके स्थान पर नया लाल पत्थर का पुलिस प्लेटफार्म तैयार कर दिया गया है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद अब इस व्यस्त चौराहे पर यातायात व्यवस्था के सुचारू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
यहां पर पूर्व में बना पुलिस प्लेटफार्म अत्यधिक चौड़ा और ऊंचा था, जिसके कारण चौराहे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी। प्लेटफार्म की ऊंचाई और चौड़ाई के कारण विपरीत दिशा से आने वाले वाहन स्पष्ट दिखाई नहीं देते थे, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बनती थी। कई बार दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालकों के बीच टक्कर की घटनाएं भी सामने आई थीं। स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों द्वारा इस समस्या को लेकर लगातार शिकायतें की जा रही थीं।
इस गंभीर समस्या से पुलिस प्रशासन ने नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल को अवगत कराते हुए पुराने प्लेटफार्म के स्थान पर कम चौड़ाई व कम ऊंचाई वाला नया पुलिस प्लेटफार्म बनाने का अनुरोध किया। नगर आयुक्त ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल निर्माण के निर्देश जारी किए। इस संबंध में जानकारी देते हुए अवर अभियंता ललित अग्रवाल ने बताया कि नगर आयुक्त के निर्देशों के क्रम में नगर निगम की टीम द्वारा पुराने प्लेटफार्म को हटाकर लाल पत्थर से नया, छोटा एवं कम ऊंचाई का प्लेटफार्म तैयार कराया गया है। अधिकारियों के अनुसार कार्य आज पूर्ण करा दिया गया है। नए प्लेटफार्म के निर्माण से चौराहे पर दृश्यता में सुधार होगा, जिससे यातायात संचालन अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित हो सकेगा।
