—–सड़कों से हटाए जा रहे आवारा गोवंश, जुर्माना भरने पर पशुपालकों को सुपुर्द किए जा रहे पशु
आगरा। शहर में सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंश की समस्या को लेकर नगर निगम प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। पिछले 24 घंटे के दौरान नगर निगम की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए दो दर्जन से अधिक गोवंश को पकड़कर गोशालाओं में भिजवाया।
यह विशेष अभियान अमरपुरा बोदला रोड, ईंट मंडी, शास्त्रीपुरम, बिचपुरी रोड तथा भावना स्टेट के के नगर क्षेत्र में चलाया गया। अभियान के दौरान सड़कों, बाजारों और आवासीय इलाकों में घूम रहे गोवंश को पकड़कर सुरक्षित तरीके से गोशालाओं तक पहुंचाया गया, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।
पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि नगर निगम द्वारा यह अभियान दो शिफ्ट में चलाया जा रहा है। इसके लिए लगभग एक दर्जन कर्मचारियों की टीम लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि जिन पशुओं के मालिक सामने आ रहे हैं और निर्धारित जुर्माना राशि जमा कर रहे हैं, उनके पशुओं को नियमानुसार उनकी सुपुर्दगी में दिया जा रहा है।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि सड़कों पर गोवंश छोड़ने वाले पशुपालकों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही पशुपालकों से अपील की गई है कि वे अपने पशुओं को खुले में न छोड़ें और निर्धारित स्थानों पर ही उनका पालन-पोषण करें, ताकि शहर में यातायात और स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित न हो।
