किशोरों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण और उनके मामलों में विधिक सहायता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

Press Release उत्तर प्रदेश

इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मा. न्यायमूर्ति जे०जे० मुनीर ने राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर), आगरा का किया औचक निरीक्षण।

आगरा.20.02.2026/आज इलाहाबाद उच्च न्यायालय के माननीय प्रशासनिक न्यायमूर्ति श्री जे० जे० मुनीर जी द्वारा राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य गृह में निवासरत संवासियों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लेना और उनके कल्याण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करना था, जिसमें 150 की क्षमता के अनुरूप 131 किशोर अवासित हैं।
निरीक्षण के दौरान माननीय न्यायमूर्ति ने किशोरों के आवास, भोजन, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने संवासियों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। जस्टिस महोदय ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किशोरों के जीवन स्तर में निरंतर सुधार किया जाए और उनके पुनर्वास के लिए बेहतर माहौल सुनिश्चित किया जाए। माननीय न्यायमूर्ति ने किशोरों की व्यक्तिगत समस्याओं और उनकी कानूनी स्थिति को धैर्यपूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किशोरों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाए और उनके मामलों में विधिक सहायता सुनिश्चित की जाए ताकि उन्हें समय पर न्याय मिल सके।
राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) में आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं (गीत, योग, नृत्य, और पेंटिंग) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले किशोरों को माननीय न्यायमूर्ति द्वारा ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। किशोरों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि रचनात्मक गतिविधियों से ही जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है। इस सम्मान समारोह से संवासियों का मनोबल बढ़ा और उनके चेहरे पर नई ऊर्जा दिखाई दी।
निरीक्षण के दौरान जनपद न्यायाधीश श्री संजय कुमार मलिक जी, जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी , मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अपर जिला मजिस्ट्रेट (नगर), प्रधान मजिस्ट्रेट (किशोर न्याय बोर्ड) एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित प्रशासन और न्यायपालिका के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *