ताज महोत्सव में खेल-खेल में सिखाया स्वच्छता का पाठ, कचरा पृथक्करण का दिया संदेश

Press Release उत्तर प्रदेश


—- रिंग टॉस और स्नेक-लैडर से स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश
—- एचसीएल फाउंडेशन और नगर निगम की अनूठी पहल

आगरा। ताज महोत्सव में इस बार सांस्कृतिक कार्यक्रमों और हस्तशिल्प के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी आकर्षक और रोचक तरीके से दिया जा रहा है। एचसीएल फाउंडेशन ने अपनी माय क्लीन सिटी पहल* के तहत आगरा नगर निगम के सहयोग से महोत्सव स्थल पर पर्यावरण जागरूकता से जुड़े इंटरएक्टिव खेल और कार्यशालाओं का आयोजन किया, जो आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने रहे।
स्टॉल पर पारंपरिक रिंग टॉस खेल को एक नए रूप में प्रस्तुत किया गया। जमीन पर विभिन्न प्रकार के कचरे—जैसे प्लास्टिक, कागज, गीला और सूखा अपशिष्ट—के नमूने रखे गए थे। प्रतिभागियों को रिंग फेंकनी होती थी और जिस कचरे पर रिंग गिरती, उन्हें यह बताना होता था कि वह किस प्रकार के डस्टबिन में डाला जाना चाहिए। इस रोचक गतिविधि के माध्यम से लोगों को कचरा पृथक्करण और जिम्मेदार निस्तारण के बारे में व्यवहारिक जानकारी दी गई। बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी ने इसमें उत्साह के साथ भाग लिया।
इसके अलावा एक विशेष स्नेक्स एंड लैडर्स गेम भी तैयार किया गया, जिसमें प्रत्येक सीढ़ी पर्यावरण हितैषी आदतों—जैसे प्लास्टिक का कम उपयोग, कचरे का पृथक्करण और स्वच्छता—को दर्शाती थी, जबकि सांप प्रदूषण फैलाने और लापरवाही जैसी गलत आदतों के दुष्परिणाम को समझाते थे। इस खेल के माध्यम से प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश सरल और प्रभावी तरीके से दिया गया।
महोत्सव के दौरान आयोजित कार्यशालाओं में आगंतुकों को रचनात्मक गतिविधियों से भी जोड़ा गया। प्रतिभागियों ने पेंटिंग के माध्यम से स्वच्छता और हरित जीवनशैली के संदेश को अभिव्यक्त किया, वहीं पुराने कागज से पेपर बैग बनाना भी सिखाया गया, ताकि प्लास्टिक के उपयोग को कम करने की दिशा में लोगों को प्रेरित किया जा सके।
एक प्रमुख सांस्कृतिक आयोजन के मंच पर इन गतिविधियों के माध्यम से एचसीएल फाउंडेशन और आगरा नगर निगम ने बड़ी संख्या में लोगों को स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। रचनात्मकता और खेल के जरिए दिया गया यह संदेश लोगों के बीच स्वच्छ और हरित आगरा के संकल्प को मजबूत करता नजर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *