आंगनवाड़ी भर्ती में बीपीएल श्रेणी में न आने वाले, मानक से अधिक आय वालों की नियुक्तियां होंगी रद्द

Press Release उत्तर प्रदेश

गलत आय प्रमाण पत्रों पर जिलाधिकारी सख्त, अपात्र नियुक्तियां निरस्त करने के दिए निर्देश

बिना सत्यापन गलत रिपोर्ट लगाने वाले लेखपालों पर होगी कड़ी विभागीय कार्यवाही, गलत आय प्रमाण पत्र भी होंगे निरस्त

आगरा.04.11.2026.जनपद में आंगनवाड़ी भर्ती प्रक्रिया के दौरान गलत आय प्रमाण पत्रों के इस्तेमाल और गड़बड़ियों के कई मामलों में जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल जी ने सख्त कार्रवाई करने के संबंधित को कड़े निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी द्वारा आंगनवाड़ी भर्ती में कम आय प्रमाण पत्र लगाने, नियुक्ति प्राप्त करने की विभिन्न शिकायतों के प्राप्त होने पर उनका संज्ञान लेकर गहन जांच कराई गई, जांच में ऐसे आवेदन कर्ता जो बीपीएल श्रेणी में नहीं आते थे,जिनकी वास्तविक आय अधिक है, आदि मामले प्रकाश में आने पर ऐसी नियुक्तियां रद्द करने, बिना सत्यापन के गलत रिपोर्ट लगाने वाले संबंधित लेखपालों के विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्यवाही तथा गलत बने आय प्रमाण पत्र रद्द करते हुए उनसे जुड़ी नियुक्तियों को भी निरस्त किए जाने की कार्यवाही के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए हैं।
गौरतलब है कि जिलाधिकारी ने प्राप्त विभिन्न शिकायतों का यथा कम आय दर्शाकर प्रमाण पत्र जारी होने, बीपीएल श्रेणी में पात्रता धारण न करने आदि की प्राप्त शिकायतों पर आय प्रमाणपत्रों का संबंधित एसडीएम को सत्यापन व जांच के निर्देश दिए गए थे। जांच में घोषित आय और वास्तविक आय के बीच अंतर होने,वास्तविक आय अधिक होने के विभिन्न तथ्य सामने आए हैं।
ऐसे ही एक प्रकरण में श्रीमती गौरी पत्नी लोकेंद्र कुमार, ग्राम उजरई जाट, तहसील एत्मादपुर द्वारा वहां रिक्त 02 पदों हेतु हुई भर्ती में त्रुटिपूर्ण आय प्रमाणपत्र से अपात्रों के चयन किए जाने की जिलाधिकारी के समक्ष, जनता दर्शन में शिकायत की गई थी।
जिलाधिकारी महोदय ने प्राप्त शिकायत का संज्ञान लेकर एसडीएम को गहनता से जांच के निर्देश दिए, उक्त प्रकरण में तहसीलदार एत्मादपुर द्वारा गहन जांच की गई जिसमें पाया गया कि लेखपालों ने सही तरह से जांच न कर त्रुटिपूर्ण आय प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए हैं,ऐसे लेखपालों के विरुद्ध भी विभागीय कार्यवाही तय है।

जिलाधिकारी ने ऐसे आय प्रमाण पत्र निरस्त करने, एसडीएम को प्रमाण पत्र की संस्तुति करने वाले संबंधित लेखपालों के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि यह एक गंभीर मामला है। इस तरह की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं नियमों के अनुरूप बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा सभी शिकायतों की गहन जांच कराई जा रही है। अपात्र पाए जाने पर नियुक्ति निरस्त करने के साथ-साथ दोषी कर्मियों के विरुद्ध भी नियमानुसार कठोर विभागीय कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *