आगरा। स्वच्छ सर्वेक्षण और दीपावली के मद्देनजर शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने निरीक्षण और जनजागरूकता अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में बुधवार को हरिपर्वत जोन के वार्ड 88 स्थित केके नगर कॉलोनी में सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने स्वच्छ मोहल्ला अभियान के तहत औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था, सड़कों और नालियों की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी भी ली।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग करने की अपील की। निरीक्षण का उद्देश्य मोहल्ले में सफाई व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के साथ ही नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा।
—- चार प्रकार से कचरा अलग करने की दी जानकारी
स्वच्छ मोहल्ला अभियान के तहत अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से घरों में निकलने वाले कचरे के पृथक्करण और कंपोस्टिंग की भी जानकारी ली। नागरिकों को बताया गया कि गीले और सूखे कचरे के साथ घरेलू हानिकारक तथा सैनिटरी कचरे को भी अलग-अलग रखना जरूरी है। इससे कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करने में मदद मिलती है।
अधिकारियों ने लोगों से घरों में ही गीले कचरे से कंपोस्ट तैयार करने की प्रक्रिया अपनाने का आह्वान किया। इससे कचरे की मात्रा कम करने और मोहल्ले को स्वच्छ बनाए रखने में मदद मिलेगी। नगर निगम की ओर से नागरिकों को स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन करने और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
—– निगम और म्यूज की टीम रही मौजूद
निरीक्षण के दौरान एसएफआई जागेंद्र प्रताप सिंह, वार्ड के सुपरवाइजर, स्वच्छता कॉरपोरेशन के सुपरवाइजर और म्यूज फाउंडेशन की टीम मौजूद रही। टीम ने क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ही स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
सहायक नगरआयुक्त ने बताया कि नगर निगम प्रशासन का उद्देश्य स्वच्छ मोहल्ला अभियान के माध्यम से नागरिकों की भागीदारी बढ़ाकर स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में बेहतर प्रदर्शन करना और दीपावली के दौरान शहर को स्वच्छ बनाए रखना है।


