उद्घाटन मुकाबला उत्तराखंड और चंडीगढ़ के मध्य दोपहर बाद होगा, इसके बाद यूपी और हरियाणा के बीच
आगरा, 20 दिसंबर। 79 वीं नेशनल फुटबाल चैंपियनशिप संतोष ट्राफी वर्ष 2025-26 ग्रुप बी का उद्घाटन 21 दिसंबर को दोपहर एक बजे आनंद इंजीनियरिंग कालेज के मैदान पर होगा। समारोह के मुख्य अतिथि सांसद राजकुमार चाहर होंगे। विशिष्ट अतिथियों में शारदा ग्रुप के वाइसचेयरमैन वाई के गुप्ता तथा बाबी पारीक होंगे। आयोजन सचिव सुरेंद्र सिंह उर्फ बिल्लू चौहान ने बताया,आयोजन की सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं।
चैंपियनशिप के लिये मैच कमिश्नर तेजस शाह नियुक्त किये गये हैं। वे आयोजन स्थल पर पहुंच चुके हैं। इनके अलावा रैफरी एसेसर रायपुर से रूपक मुखर्जी आ गये हैं। फुटबाल फेडरेशन के बनारस से भूपेंद्र सिंह, कानपुर से हरीसिंह समेत कई पदाधिकारी संतोष ट्राफी आयोजन के भागीदार बनेंगे। चारों टीमें मैच खेलने के लिये आनंद इंजीनियरिंग कालेज के मैदान पर पहुंच गयी हैं। इन टीमों के साथ ही आफीसियलों के भी रहने, भोजन आदि की व्यवस्थाएं वहीं शारदा ग्रुप द्वारा की गयी हैं। इस ग्रुप में चंडीगढ़, हरियाणा, उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड की कुल चार टीमें भाग लेंगी। इस पूल की जो विजेता टाप टीम होगी, वह आगामी जनवरी में असम में होने वाले फाइनल राउंड में शिरकत करेगी।
निर्धारित शेड्यूल के अनुसार मैच 21 दिसंबर से शुरू होंगे: पहले दिन दो मैच खेले जाएंगे। जिनमें उत्तराखंड बनाम चंडीगढ़ के मध्य उद्घाटन मैच होगा। इसके पश्चात यू.पी बनाम हरियाणा के मध्य मैच खेला जाएगा। 23 दिसंबर: उत्तराखंड बनाम हरियाणा, यू.पी बनाम चंडीगढ़। 25 दिसंबर: उत्तराखंड बनाम यू.पी, चंडीगढ़ बनाम हरियाणा के बीच मुकाबला होगा।


